Loading...

एबीवीपी इकाई नाहन ने पुलिस और आर्मी जवानों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र

Ankita • 19 Aug 2024 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नाहन इकाई ने इस बार रक्षाबंधन का पावन पर्व विशेष रूप से मनाया। इस अवसर पर एबीवीपी से जुड़े छात्र प्रतिनिधियों ने स्थानीय पुलिस और आर्मी के जवानों के साथ मिलकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। दरअसल, एबीवीपी ने यह आयोजन देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से किया।

इस पावन मौके पर एबीवीपी की छात्रा कार्यकर्ताओं ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु और सुरक्षा की कामना की। छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि हमारे सुरक्षाकर्मी हर परिस्थिति में देश की सेवा करते हैं और उनकी यह सेवा भावना देश के हर नागरिक के लिए प्रेरणादायक है। नाहन इकाई की कार्यकर्ता शीतल ठाकुर ने कहा, “यह हमारा कर्तव्य है कि हम अपने जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करें, जो दिन-रात हमारी सुरक्षा में तत्पर रहते हैं।

रक्षाबंधन का यह पर्व उनके साथ मनाकर काफी गर्व महसूस हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान जवानों ने भी इस आयोजन की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें अपने परिवार से दूर रहते हुए भी अपनों के बीच होने का एहसास कराते हैं। इस अवसर पर एबीवीपी नाहन इकाई के कार्यकर्ता फ़िरोजना नेगी, अंशिका, जानवी, शीतल व अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण और शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ।