Loading...

एल्जेन फार्मा ने चलाया हरियाली अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Shailesh Saini 20 Jul 2025 Edited 20 Jul 1 min read

भावी पीढ़ियों को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिए संजीव भाटिया ने कहा पेड़ लगाना अब बने हर घर का रिवाज

हिमाचल नाऊ न्यूज़ काला आम्ब

“एक पेड़ मेरे प्रदेश के नाम” के संकल्प के साथ एल्जेन फार्मा, काला आम्ब ने एक व्यापक स्तर पर पौधा रोपण अभियान चलाया। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश को हरा-भरा बनाना और नागरिकों को स्वस्थ पर्यावरण प्रदान करना है।

एल्जेन फार्मा के सीएमडी संजीव भाटिया और फैक्ट्री के जनरल मैनेजर रोहित शर्मा के नेतृत्व में फैक्ट्री के कर्मचारियों ने औद्योगिक क्षेत्र में उत्साहपूर्वक 500 से अधिक पौधे लगाए।

इनमें आंवला, गुड़हल, कचनार, नींबू जैसे फलदार और छायादार वृक्ष शामिल थे। कर्मचारियों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि औद्योगिक इकाइयों के आसपास पहले से मौजूद कचरे को भी साफ किया और उसका उचित प्रबंधन किया।

इस अवसर पर संजीव भाटिया ने कहा कि स्वस्थ प्रदेश के लिए पर्यावरण का हरा-भरा होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि एक स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण प्रदेश के हर नागरिक को स्वस्थ जीवन प्रदान करेगा।

रोहित शर्मा ने अपने संदेश में पर्यावरण संरक्षण को केवल औपचारिकता न मानकर इसे एक संस्कार बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एक सच्चा भारतीय अपनी परंपराओं का पालन करते हुए हर शुभ अवसर पर अपने परिवार के साथ मिलकर पेड़ लगाए, जिससे वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहे।

उन्होंने स्वच्छता को घर तक सीमित न रखने और अपने आसपास के क्षेत्र को भी साफ रखने की नैतिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रकृति को प्रत्यक्ष रूप से ईश्वर बताते हुए हर खाली स्थान पर पेड़ लगाने को परमात्मा के प्रति सच्ची श्रद्धा बताया।कार्यक्रम के अंत में पारुल, विशाल और अतुल ने फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों को स्वच्छता की प्रतिज्ञा भी दिलाई,

जिससे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मजबूत हुई। एल्जेन फार्मा का यह हरियाली अभियान निश्चित रूप से अन्य औद्योगिक इकाइयों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनेगा।