Loading...

नाहन मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर फूटा भाजपा का गुस्सा, सड़कों पर उतरे बिंदल

Shailesh Saini • 20 Mins Ago • 1 Min Read

शहीद स्मारक से मेडिकल कॉलेज तक गरजा विरोध जुलूस, बिंदल बोले—260 करोड़ का भवन अधूरा, अस्पताल बना रेफरल सेंटर

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला सिरमौर के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाली को लेकर रविवार को भाजपा का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। अस्पताल में ठप पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं, बंद पड़े रेडियोलॉजी विभाग और अधूरे मेडिकल कॉलेज भवन को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में नाहन में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ।

शहीद स्मारक से शुरू हुआ विरोध जुलूस चौगान मैदान, बड़ा चौक और गुन्नूघाट से होते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंचा। भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मेडिकल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन के दौरान सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर तीखे सवाल उठाए गए।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार और नाहन के विधायक अजय सोलंकी पर सीधा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जिस मेडिकल कॉलेज को सिरमौर की जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे बड़ा केंद्र बनना था, कांग्रेस सरकार ने उसे अपनी नाकामियों का स्मारक बनाकर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज नाहन मेडिकल कॉलेज इलाज से ज्यादा मरीजों को शिमला और चंडीगढ़ रेफर करने वाला अस्पताल बनकर रह गया है।

बिंदल ने सवाल उठाया कि आखिर यह कैसा मेडिकल कॉलेज है, जहां मरीजों को अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी बुनियादी जांच सुविधाओं के लिए भी बाहर जाना पड़ रहा है? गरीब आदमी आखिर कब तक निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों की जेब भरता रहेगा? उन्होंने कहा कि सरकार की कथित लापरवाही का खामियाजा उन गरीब परिवारों को भुगतना पड़ रहा है, जो दूरदराज के गांवों से बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर नाहन पहुंचते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग की सेवाएं ठप हैं। पांच ऑपरेशन थिएटर में से दो महीनों से बंद पड़े हैं। मामूली मशीनरी और आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण ऑपरेशन थिएटर बंद रहना सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अस्पताल की छतें टपक रही हैं, सीलिंग गिर रही है और शौचालयों की हालत खराब है। मरीजों को दवाइयों से लेकर जांच और ऑपरेशन के सामान तक के लिए बाहर निर्भर होना पड़ रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह केवल किसी अस्पताल की अव्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के बजाय आम आदमी पर इलाज का आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है।

डॉ. बिंदल ने 260 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज भवन को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने भवन निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान किया था और टेंडर भी हो चुका था, लेकिन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पिछले चार वर्षों से निर्माण कार्य ठप पड़ा है।

उन्होंने कहा कि यदि यह भवन समय पर बन गया होता तो नाहन में 500 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल, आठ बड़े ऑपरेशन थिएटर, बेहतर आपातकालीन सेवाएं, पर्याप्त ओपीडी व्यवस्था और अत्याधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होतीं। डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और पीजी चिकित्सकों की संख्या बढ़ती तथा मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ता।

बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर जनता को नए स्थान पर मेडिकल कॉलेज बनाने के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर नए मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन कहां है? चार वर्षों में सरकार क्या करती रही? उन्होंने तंज कसा कि अब केवल शिलान्यास करके जनता को विकास का सपना दिखाने की कोशिश की जा सकती है, लेकिन जनता अधूरे वादों का हिसाब जरूर मांगेगी।

नर्सिंग कॉलेज और मातृ-शिशु अस्पताल का मुद्दा उठाते हुए बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 70 करोड़ रुपये के नर्सिंग कॉलेज और 20 करोड़ रुपये के मातृ-शिशु अस्पताल की स्वीकृति के बावजूद दोनों परियोजनाएं धरातल पर नहीं उतर पाईं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज वर्ष 2024 में शुरू होना चाहिए था, लेकिन आज तक उसका निर्माण नहीं हो पाया।

उन्होंने मातृ-शिशु अस्पताल को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। बिंदल के अनुसार वर्ष 2022 में वर्तमान अस्पताल के समीप भूमि का चयन किया गया था और पेड़ कटान की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी। इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं हुआ। अब अस्पताल से छह-सात किलोमीटर दूर नई भूमि तलाशने की जानकारी सामने आ रही है।

उन्होंने सवाल किया कि जब पहले ही जमीन उपलब्ध थी तो परियोजना को दूसरी जगह ले जाने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?बिंदल ने केंद्र सरकार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज को 32 पीजी एवं एमडी-एमएस सीटों की स्वीकृति मिली है। इसके लिए 42 करोड़ रुपये तथा मशीनरी और अन्य सुविधाओं के लिए आठ करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाने का दावा भी उन्होंने किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन के विधायक और प्रदेश सरकार जनता को बताएं कि मेडिकल कॉलेज की बंद पड़ी सुविधाएं कब बहाल होंगी, अधूरा भवन कब बनेगा और मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए बाहर जाने से कब राहत मिलेगी।उन्होंने दो टूक कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यदि सरकार ने जल्द स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया तो भाजपा इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि नाहन की जनता को उसके अधिकार दिलाने के लिए भाजपा सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच तक संघर्ष करेगी।

इस विरोध प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मनीष चौहान, भाजपा सीए सेल के प्रदेश संयोजक शिव कुमार गर्ग, पार्षद पूजा तोमर, संध्या अग्रवाल, रितु चौहान, सीमा अत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, प्रीत मोहन शर्मा, मंडल अध्यक्ष मलकीत सिंह चौधरी, जिला परिषद सदस्य भगवान दास तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।