Loading...

एसआईयू ने 5.8 ग्राम चिट्टे के साथ युवक को किया गिरफ्तार , घर पर छापेमारी कर पकड़ा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 19 Feb 2025 • 1 Min Read

पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई , एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

नाहन : सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5.8 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर शाम पुलिस ने सदर पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एक घर पर छापा मारकर यह कार्रवाई की। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। देर रात तक पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी रही।

पुलिस ने घर पर मारा छापा, रंगे हाथ पकड़ा आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तमवाला क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास नशीला पदार्थ मौजूद है। सूचना मिलते ही एसआईयू टीम ने मौके पर दबिश दी और स्थानीय निवासी हितेश को 5.8 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली और नशे की खेप जब्त कर ली।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टे की खरीद-फरोख्त में कब से शामिल था और उसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।