एसडीएम सरकाघाट ने किया नलवाड़ मेला बरच्छवाड़ का विधिवत शुभारंभ

SDM-Sarkaghat-formally-inau.jpg

HNN/ मंडी

एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा ने आज ग्राम पंचायत बरच्छवाड़ में मेला कमेटी बरच्छबाड़ द्वारा आयोजित किए जा रहे नलवाड़ मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पहले एसडीएम ने शिव मन्दिर त्रिवेणी घाट में शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने पगड़ी समारोह व शोभायात्रा में भी भाग लिया।

महाकाली चामुंडा माता चंदरूही, महाकाली माता गधयानी व भगवती रणशक्ति महाकाली माता बेहड़ सरकाघाट की पालकियों को एसडीएम की रहनुमाई में लोगों ने मेले के मैदान तक पहुंचाया जहां प्राचीन समय से निभाई जा रही नलवाड़ मेला में बैलों की खूंटी गाढ़ कर रस्म एसडीएम ने अदा की तदोपरान्त दीप प्रज्जवलित कर तथा रिबन काट कर मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ किया।

ग्राम पंचायत प्रधान बरच्छबाड़ निशा कुमारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। एसडीएम स्वाति डोगरा ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मेले धार्मिक सौहार्द का अदभुत उदाहरण है। मेले आज के समय में दूर हो रहे परिवारों को जोड़ने व आपसी भाईचारे बढ़ाने व मनोरंजन का अच्छा उत्सव है।

उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के प्रतीक हैं, जिसमे हम सब को अपनी पौराणिक संस्कृति की अलौकिक झलक देखने को मिलती है। उन्होंने नलवाड़ मेले की बधाई देते हुए सभी के जीवन में नई खुशियां आने की कामना की।

पंचायत प्रधान बरच्छबाड़ व मेला प्रबन्धन कमेटी अध्यक्ष निशा कुमारी ने बताया कि यह मेला पिछले लगभग 70 बरसों से धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय इस मेले में छिंज विशेष आकर्षण होगी वहीं अन्य खेल कूद प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जांएगी।