ऑनलाइन ठगी से लगाया लाखों का चूना, अपनाया यह तरीका
HNN / मंडी
जिला मंडी में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। पुलिस द्वारा लोगों को सतर्क करने के बावजूद भी लोग ठगी का शिकार हो रहे है। अब मामला जिला मंडी के बल्ह में पेश आया है यहाँ शातिरों ने बैंक अधिकारी बनकर एक व्यक्ति को लाखों का चूना लगाया है। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सचिन शर्मा पुत्र यश पाल ने बताया कि उसके फ़ोन पर एक नंबर से मैसेज आया, जिसमे केवाईसी को अपडेट करने के लिए एक लिंक भेजा हुआ था। उसने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उसके पास एक मैसेज आया जिसमें लिखा था कि उसके अकाउंट से 1.73 लाख रुपए निकाल लिए गए हैं। यह मैसेज देख व्यक्ति के होश उड़ गए और उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद वह पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई।
उधर, एसएचओ बल्ह कमलेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। उन्होंने लोगो से आग्रह किया कि वह किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा मैसेज के साथ भेजे गए लिंक को ओपन ना करे। यदि उनके पास इस तरह का कोई भी मैसेज या बैंक द्वारा अकाउंट को लेकर कुछ आता है तो वह तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे।