NDPS / फागू-चियोग रोड पर 632 ग्राम चरस बरामद, तीन युवक गिरफ्तार
NDPS / शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने फागू-चियोग संपर्क सड़क पर एक वाहन से 632 ग्राम चरस बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों का वाहन भी कब्जे में ले लिया। तीनों आरोपी ठियोग तहसील के रहने वाले बताए गए हैं।
शिमला/ठियोग
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को स्पेशल सेल की टीम फागू-चियोग लिंक रोड पर तलई के पास जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक वाहन की तलाशी ली और उसमें से 632 ग्राम चरस बरामद की। इसके बाद वाहन में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में संबंधित गाड़ी को भी अपने कब्जे में लिया है।
अफीम बरामदगी मामले में जमानत याचिका खारिज
एक अन्य NDPS मामले में दो किलोग्राम अफीम की बरामदगी की आरोपी महिला को अदालत से राहत नहीं मिली है। विशेष न्यायाधीश-दो, किन्नौर स्थित रामपुर बुशहर की अदालत ने 20 नवंबर को आरोपी लक्ष्मी की जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी मूल रूप से नेपाल के लमजुंग जिले की रहने वाली है और वर्तमान में सोलन जिले के कंडाघाट में किराये के मकान में रह रही थी।
पुलिस के मुताबिक, कुमारसैन थाना में 10 अप्रैल को दर्ज मामले में महिला के कब्जे से दो किलोग्राम अफीम बरामद हुई थी। इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अदालत में जमानत का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलों और मामले के तथ्यों पर विचार करने के बाद अदालत ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी।

