Loading...

ओवरलोडिंग पर सरकारी बसों के चालान का विरोध, जनवादी महिला समिति ने सरकार से की अतिरिक्त बसें चलाने की मांग

Shailesh Saini 8 Aug 2025 Edited 8 Aug 1 min read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

ओवरलोडिंग के कारण सरकारी बसों के किए जा रहे चालानों पर जनवादी महिला समिति ने कड़ा विरोध जताया है। समिति ने चालानों को रोकने और अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की है।

समिति की पूर्व राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर, जिला सचिव अमिता चौहान, कोषाध्यक्ष आशा शर्मा और उपाध्यक्ष सेवती कमल ने एक संयुक्त बयान में आईटीआई नाहन के पास एक सरकारी बस के चालान पर नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि चालान करने के बजाय सरकार को ज्यादा बसें चलानी चाहिए, क्योंकि स्टैंडिंग सवारियों को नहीं बैठाने पर लोग अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नियमित रूट भी बंद कर रही है, जिससे परेशानी और बढ़ रही है। समिति ने कहा कि वे यातायात नियमों का सम्मान करते हैं, लेकिन पर्याप्त सुविधाओं के बिना नियमों का पालन करना संभव नहीं है।

समिति ने विशेष रूप से रामाधौण रूट पर सुबह एक अतिरिक्त बस चलाने की मांग की है। साथ ही कौलांवालाभूड रोड़ और बाईला-रोड़ पर भी एक-एक अतिरिक्त बस चलाने की मांग की गई है, क्योंकि इन रूटों पर भी भीड़भाड़ बहुत ज्यादा रहती है। समिति ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।