औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही सरकार- मुख्यमंत्री

BDDI-1.jpg

बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने आपदा राहत कोष में दिया 2.02 करोड़ का अंशदान

HNN/बद्दी

बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और उन्हें आपदा राहत कोष के लिए 2.02 करोड़ रुपए का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में नया निवेश आकर्षित करने तथा उद्यमियों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है।

राज्य में स्थित औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। विशेष तौर पर बद्दी क्षेत्र में रेलवे संपर्क सुविधा के साथ ही सड़कों के उन्नयन पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने रेलवे लाईन के शीघ्र निर्माण से संबंधित मामला केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाया है। 

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नालागढ़-भरतगढ़ सड़क को फोरलेन में स्तरोन्नत किया जा रहा है जिससे उद्योगों सहित अन्य लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक घरानेे हिमाचल प्रदेश में निवेश के इच्छुक हैं और राज्य सरकार उन्हें लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करवाएगी।