कंपनी में करंट लगने से एक कामगार की मौत, महिला जख्मी
HNN/ सोलन
जिला सोलन के नालागढ़ क्षेत्र के गोल जमाला में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां कंपनी में कार्यरत कामगार की करंट की चपेट में आने से जान चली गई है। इसके अलावा एक महिला जख्मी हुई है। महिला को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।
मृतक युवक की पहचान अर्जुन (21) पुत्र गोवर्धन निवासी गांव बिलसी जिला बदायूं उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही पुलिस ने कंपनी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अर्जुन गोल जमाला में अचार बनाने वाली कंपनी में तैनात था। ड्यूटी के दौरान अचानक कंपनी में रखे एक टेबल में करंट प्रवाहित हो गया। जैसे ही कामगार का हाथ टेबल पर लगा तो वह उसकी चपेट में आ गया, वहीं उसके साथ एक महिला को भी हल्का-सा करंट लग गया।
कंपनी प्रबंधकों ने घायलावस्था में अर्जुन को नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल महिला को नालागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।