कठुआ में एक बार फिर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, दूसरा आतंकी ढेर
जम्मू संभाग के कठुआ जिला में एक बार फिर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है। सुरक्षाबलों ने दूसरे आतंकी को भी मार गिराया है। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल के आस-पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। बता दें पुलिस, एसओजी, सीआरपीएफ, सेना के जवानों ने इलाके की घेराबंदी की हुई है।
वहीं ड्रोन से भी घटनास्थल पर नजर रखी जा रही थी, जिसके कारण आतंकी की मौजदूगी का पता चला और आतंकवादी को ढेर कर दिया गया। इससे पहले मंगलवार रात कठुआ की तहसील हीरानगर की गांव सोहले सैडा में आतंकियों ने एक घर में दबिश दी। आतंकियों की फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया। लोगों ने इसकी सूचना सुरक्षा बलों को दी।
मौके पर पुलिस, सेना, एसओजी, सीआरपीएफ की टीमें पहुंच गई। इलाके की घेराबंदी की गई और अन्य आतंकियों की तलाश में ऑपरेशन शुरू हुआ। वहीं सुबह करीब तीन बजे यहां आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक सीआरपीएफ का जवान घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए हीरानगर उपजिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जवान कबीर दास को बचाया नहीं जा सका।