कड़ा और कृपाण के चलते अमृतधारी सिख युवक को परीक्षा से वंचित करना दुर्भाग्यपूर्ण : गुरमीत सिंह
कांग्रेस सरकार से मांगा जवाब, प्रभावित अभ्यर्थी के लिए दोबारा पटवारी परीक्षा आयोजित करने और धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतिबंध हटाने की उठाई मांग
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | पांवटा साहिब
कड़ा और कृपाण धारण करने पर एक अमृतधारी सिख युवक को पटवारी भर्ती परीक्षा में बैठने से वंचित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह मामला केवल एक अभ्यर्थी के भविष्य का नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों से भी जुड़ा है।यह बात भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने सोलन स्थित देवभूमि ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में अमृतधारी सिख युवक को कथित तौर पर परीक्षा में बैठने से रोके जाने के मामले में प्रदेश की कांग्रेस सरकार से जवाब मांगा।
गुरमीत सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे सरदार गुरदीप सिंह गैरी के माध्यम से उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। अभ्यर्थी से बातचीत करने पर पता चला कि परीक्षा केंद्र में उसे कड़ा और कृपाण उतारने के लिए कहा गया था। अमृतधारी सिख होने के चलते युवक ने अपने धार्मिक प्रतीकों को उतारने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के संचालक से बातचीत करने पर सरकारी निर्देशों का हवाला दिया गया, मगर संबंधित अधिसूचना की प्रति उपलब्ध नहीं करवाई गई। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर किस आदेश के तहत एक अमृतधारी सिख युवक को परीक्षा देने से रोका गया।
पत्रकार वार्ता में अभ्यर्थी के पिता सरदार विचित्र सिंह भी मौजूद रहे। गुरमीत सिंह ने कहा कि एक पिता अपनी मेहनत की कमाई से बच्चे को पढ़ाता है और उसके उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोता है। ऐसे में धार्मिक प्रतीकों के चलते परीक्षा से वंचित किया जाना पूरे परिवार के लिए गहरा आघात है।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 का हवाला देते हुए कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त है। कृपाण धारण करना सिख धर्म के पालन का अभिन्न अंग है। परीक्षाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ धार्मिक आस्था और संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
गुरमीत सिंह ने परीक्षा के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र और चूड़ियों पर कथित प्रतिबंध को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा संबंधी नियम बनाते समय देश की धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, प्रभावित अभ्यर्थी के लिए विशेष पटवारी परीक्षा आयोजित करने तथा धार्मिक आस्था से जुड़े परीक्षा निर्देशों में आवश्यक संशोधन करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी अभ्यर्थी को उसकी धार्मिक आस्था के चलते परीक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।