राजगढ़ में दो साल से नहीं आए पानी के बिल, जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
एकमुश्त हजारों रुपये के भुगतान की आशंका से उपभोक्ता चिंतित, सहायक अभियंता बोले- जल्द जारी होंगे ऑनलाइन बिल
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | राजगढ़
जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल में जल शक्ति विभाग की बिलिंग व्यवस्था ने हजारों रुपये के संभावित भुगतान को लेकर पेयजल उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। नगर पंचायत राजगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब डेढ़ से दो साल से पेयजल के बिल नियमित रूप से जारी नहीं होने के चलते विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
हैरानी की बात यह है कि विभाग द्वारा पेयजल की आपूर्ति तो की जा रही है, मगर उपभोक्ताओं को लंबे समय से पानी के बिल नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को आशंका है कि कहीं विभाग एक साथ लंबित बिल जारी कर उनकी जेब पर भारी आर्थिक बोझ न डाल दे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय व्यवस्था में हुई देरी का खामियाजा आखिर उपभोक्ता क्यों भुगतें? यदि समय पर बिल जारी किए जाते तो लोग नियमित रूप से उनका भुगतान कर सकते थे। अब एकमुश्त हजारों रुपये का बिल आने की स्थिति में मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ सकता है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि बिलिंग व्यवस्था में कोई तकनीकी बदलाव किया जा रहा था तो विभाग को समय रहते इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए थी।
उधर, जल शक्ति विभाग राजगढ़ के सहायक अभियंता सिद्धार्थ ने बताया कि विभाग की बिलिंग प्रणाली को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया के चलते पेयजल बिल जारी करने में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही उपभोक्ताओं को ऑनलाइन माध्यम से बिल जारी किए जाएंगे। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि उपभोक्ताओं पर एक साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
हालांकि, विभागीय अधिकारी के आश्वासन के बाद भी सवाल बना हुआ है कि आखिर लंबित बिलों की वसूली किस प्रकार की जाएगी। क्या उपभोक्ताओं को किस्तों में भुगतान करने की सुविधा मिलेगी या फिर पूरी बकाया राशि एक साथ जमा करवानी होगी? फिलहाल इस संबंध में विभाग की ओर से कोई स्पष्ट व्यवस्था सामने नहीं आई है।