Loading...

देशवासियों की सेहत को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, अब फूड पैकेट पर दिखेगी खतरे की चेतावनी

Shailesh Saini • 20 Mins Ago • 1 Min Read

तय सीमा से अधिक चीनी, नमक और फैट होने पर लगाने होंगे अलग-अलग लाल निशान, केंद्र सरकार और एफएसएसएआई को दिए निर्देश

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नई दिल्ली

देश के करोड़ों लोगों के स्वास्थ्य को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने बड़ी चिंता जताते हुए पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की बिक्री और उनकी लेबलिंग को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जिन खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक और फैट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक है, उनके पैकेट के सामने स्पष्ट रूप से अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे, ताकि उपभोक्ता खरीदारी से पहले अपने स्वास्थ्य को लेकर सही निर्णय ले सकें।

न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) को इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि खाद्य पदार्थों के पैकेट पर चेतावनी का निशान लाल रंग के षट्कोण यानी छह कोनों वाले आकार में होना चाहिए। इसके भीतर संबंधित जानकारी और चित्र भी होना चाहिए। मसलन, हाई शुगर, हाई सॉल्ट और हाई फैट की चेतावनी स्पष्ट रूप से अंकित होनी चाहिए।

यदि किसी खाद्य पदार्थ में चीनी, नमक और फैट तीनों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक है तो उसके पैकेट पर तीन अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। एक ही निशान में तीनों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं होगा।

सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी वाले निशानों के आकार को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्रत्येक लाल निशान का आकार पैकेट के मुख्य हिस्से का करीब चार से पांच प्रतिशत होना चाहिए। इसके भीतर लिखे शब्द इतने स्पष्ट और बड़े होने चाहिए कि सामान्य रोशनी में भी उपभोक्ता उन्हें आसानी से पढ़ सकें।

गौरतलब है कि अत्यधिक चीनी, नमक और अस्वास्थ्यकर वसा का सेवन मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ाता है। ऐसे में आकर्षक पैकेजिंग के बीच खाद्य पदार्थों की वास्तविक पोषण संबंधी जानकारी उपभोक्ताओं के सामने लाना बेहद महत्वपूर्ण है।

सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार को वर्ष 2020 के खाद्य सुरक्षा एवं लेबलिंग संबंधी नियमों को भी सही तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं।सुप्रीम कोर्ट का यह कदम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और उनके सूचना के अधिकार की रक्षा की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस व्यवस्था के प्रभावी होने से खाद्य उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग के साथ-साथ उनमें मौजूद स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी भी उपभोक्ताओं को सामने ही दिखाई देगी।