करंट की चपेट में आने से शिक्षक की हुई मौत

By Ankita Published: 19 Aug 2024, 10:28 AM | Updated: 19 Aug 2024, 10:28 AM 1 min read

HNN/ ऊना

जिला ऊना के उपमंडल गगरेट के घनारी गांव में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अश्वनी कुमार पुत्र सुभाष चंद निवासी वार्ड नंबर 4 घनारी तहसील घनारी के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम करवाने पर मौत का कारण बिजली का करंट ही बताया गया है।

बता दें अश्विनी कुमार पेशे से शिक्षक था। गगरेट पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि घनारी गांव के एक युवक ने शनिवार देर सायं शिक्षक अश्वनी कुमार को फोन कर बुलाया था। दोनों दोस्त एक दुकान की छत पर बैठे थे।

इसी बीच अचानक दुकान के नीचे से एक वाहन के होर्न की आवाज आई। जिसके चलते शिक्षक उठकर यह देखने गया कि वाहन में कौन है। जैसे ही उसने दुकान की छत पर लगी लोहे की रेलिंग को छुआ वैसे ही वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया और उसी समय बेहोश होकर गिर गया।

जिस पर तत्काल उसके साथी व दुकानदार ने उसे अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गगरेट पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत हुई मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया।

रविवार को वहां शव के हुए पोस्टमार्टम के बाद प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों ने मौत की वजह बिजली का करंट ही बताया है। डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि की है।