करसोग से लापता हुए 2 युवकों के शव सतलुज नदी से बरामद
HNN/मंडी
जिला मंडी के करसोग से 5 मार्च को वाहन समेत लापता हुए 2 युवकों के शव बरामद हो गए हैं। जिस वाहन में (एचपी 30-7549) सवार होकर युवक गए थे, वह कुमारसैन थाना के अंतर्गत सनाऊगी के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर सतलुज नदी में समा गया था। दुर्घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया था लेकिन सफलता न मिलने पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
बुधवार को एनडीआरफ व दमकल विभाग की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर सतलुज नदी में जलमग्न हुई गाड़ी के अंदर से दोनों युवकों के शवों को बरामद कर लिया। युवकों की पहचान रजत कुमार (24) पुत्र जयकृष्ण निवासी गांव द्राकली व भीष्म (19) पुत्र मेहर सिंह निवासी गांव द्राकली सेरी बंगलो करसोग के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक दोनों युवकों के परिजनों ने थाना करसोग में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने छानबीन के दौरान युवकों की मोबाइल लोकेशन से दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में सफलता हासिल की। इसके बाद कुमारसैन पुलिस की सहायता से तलाशी अभियान शुरू किया और सतलुज नदी से दोनों युवकों के शव बरामद किए।
युवक की पहचान उनके परिजनों ने की है। अब पोस्टमार्टम करवाने बाद शवों को परिजनों को हवाले कर दिया जाएगा। वहीं प्रशासन ओर से मृतक युवकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। मामले की पुष्टि डीएसपी साई दत्तात्रेय वर्मा ने की है।