करियाने की दुकान में भड़की आग, लाखों का नुकसान
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के उपमंडल नूरपुर के तहत नगरोटा सूरियां में बस स्टैंड के समीप एक करियाने की दुकान आग की भेंट चढ़ गई। इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया है।
हालांकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। जानकारी के मुताबिक, बस स्टैंड के समीप एक करियाने की दुकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के पूरे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय सब्जी वाले दुकानदार युवकों ने दुकान से धुआं निकलता देख शोर मचा दिया, जिससे यहां बड़ा नुक्सान होने से बच गया। युवाओं का शोर सुनकर स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और दुकान का शटर तोड़ा गया।
इसके बाद बड़ी मुश्किल से पानी इत्यादि लाकर आग को बुझाया गया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक दुकान के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो चुका था।
