HNN/कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के पूल सी मैचों का शुभारंभ नगर परिषद कांगड़ा की अध्यक्ष रेनू शर्मा ने किया। पहले दिन डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा और नगरोटा बगवां कॉलेज के बीच मैच खेला गया, जिसमें कांगड़ा की टीम ने शानदार जीत हासिल की।
कांगड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए। अरशद ने 26 गेंद पर 46 और कुणाल ने 40 गेंद पर 66 रन बनाए। अंत में रमेश ने 17 गेंद में 37 रन की पारी खेली। नगरोटा की तरफ से तनिश ने चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए नगरोटा की टीम 10 ओवर में मात्र 71 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। कांगड़ा की टीम ने 123 रन से जीत हासिल की। वीरवार को धर्मशाला और देहरी कॉलेज के बीच, शाहपुर और राजपुरा कॉलेज के बीच मैच खेले जाएंगे। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित की जा रही है।

