कांगड़ा के 26 वर्षीय जवान की लेह में मौत
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा से सेना के जवान मनीष कुमार (26) की लेह में मौत हो गई है। मनीष कुमार उपमंडल देहरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत नौशहरा के रहने वाले थे। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं लग पाया है, लेकिन बताया जा रहा है कि करंट लगने से उसकी मौत हुई है।
जवान की पार्थिव देह मंगलवार सुबह उसके गांव नौशहरा पहुंचने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, मनीष वर्ष 2017 में सेना में भर्ती हुआ था। मृतक के पिता मदन लाल लुधियाना में फैक्टरी में कार्यरत बताए जा रहे हैं। मनीष दो बहनों का इकलौता भाई था और अभी अविवाहित था।
ग्राम पंचायत नौशहरा के प्रधान अवतार गुलेरिया ने बताया कि मनीष की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन जानकारी मिली है कि करंट लगने से मनीष की मृत्यु हुई है। मनीष की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर है।