HNN / ऊना
हिमाचल विधानसभा चुनाव के चलते सभी पार्टियां अपने-अपने क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरी ताबड़ तोड़ मेहनत कर रही है। हालांकि अभी तक किसी भी पार्टियों के बीच कोई भी लड़ाई-झगड़ा सामने नहीं आया लेकिन देर रात जिला ऊना के गगरेट में दो पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस के समर्थकों के बीच बहसबाजी हो गई।
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बहसबाजी खूनी झड़प में तब्दील हो गई। जानकारी के अनुसार गौरव ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि रात के समय वह मुबारिकपुर बाजार से गुजर रहा था तो सन्नी पटियाल, राजन शर्मा, शिव दयाल और अभिषेक ने रास्ता रोक कर उस पर हमला कर दिया। इस हमले में इसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। बताया जा रहा है इनका विवाद झंडे लगाने को लेकर हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि राजन शर्मा ने हाथ में प्लास व पेचकस पकड़ रखा था और उसी से हमला कर दिया। मारपीट के बाद वाईएसपी संस्था के लोग वहां पर पहुंचे और उन्होंने घायल गौरव सोनी का प्राथमिक उपचार करवाया। वहीं दूसरी ओर इसी घटना में राजन शर्मा के सिर में भी चोट आई है, जिसका उपचार गगरेट के सिविल अस्पताल में चल रहा है। लेकिन इस मामले की अभी तक राजन शर्मा और उसके साथियों की तरफ से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
ऐसी भी सूचना है कि भाजपा की तरफ से इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। उधर, एसपी ऊना अर्जित सेन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

