Loading...

कांग्रेस रैली पर बयानबाजी तेज, धीरेंद्र प्रताप का भाजपा अध्यक्ष पर तीखा हमला

Shailesh Saini • 18 Feb 2026 • 1 Min Read

महंगाई, बेरोजगारी और विकास मुद्दों पर सरकार को घेरा

देहरादून :

उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहकर भाजपा नेतृत्व अहंकार में डूब गया है और जमीनी सच्चाई देखने को तैयार नहीं है।

कांग्रेस की रैली पर की गई टिप्पणी को लेकर प्रताप ने कहा कि देहरादून का हर व्यक्ति जानता है कि रैली ऐतिहासिक रही, लेकिन भाजपा अध्यक्ष तथ्यों को नकारकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “सावन के अंधे को हर जगह हरा-हरा ही दिखाई देता है” और आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में भाजपा नेतृत्व वास्तविक जनभावनाओं से कट चुका है।

प्रताप ने दावा किया कि राज्य में भाजपा का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है और आम जनता कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, सड़कों की बदहाल स्थिति और विकास कार्यों की धीमी गति जैसे मुद्दों से लोग परेशान हैं।

उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार को अपने जनसमर्थन पर भरोसा है तो छह महीने के भीतर चुनाव कराकर स्थिति स्पष्ट कर दे।धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर चुनावी परिणामों में दिखाई देगा।