Loading...

सरकार गांव के द्वार / भटवाड़ी में पहली बार किसी मुख्यमंत्री का रात्रि प्रवास ,महिला मंडलों-सड़क और स्कूल के लिए बड़ी घोषणाएं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज भटवाड़ी गांव में रात्रि प्रवास किया। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह गांव पहुंचे थे, लेकिन किसी मुख्यमंत्री ने यहां रात्रि प्रवास नहीं किया था। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक संगीत, लोकगीत और नाटी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला मंडलों को पांच-पांच लाख रुपये देने के साथ चिंगवाड़ी सड़क के लिए 20 लाख रुपये, पेखा-दिऊदी महिला मंडल भवन के लिए पांच लाख रुपये देने और धमवाड़ी स्कूल को सीबीएसई बनाने की घोषणा भी की।

रोहड़ू/भटवाड़ी

दूरदराज भटवाड़ी गांव में मुख्यमंत्री ने किया रात्रि प्रवास

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के भटवाड़ी पहुंचने पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। रास्ते में भी विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत दिऊदी के प्रधान प्रशनलाल के घर रात्रि प्रवास किया। प्रधान प्रशनलाल के अनुसार इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस गांव में आए थे, लेकिन उसके बाद कोई मुख्यमंत्री यहां नहीं पहुंचा। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भटवाड़ी जैसे दूरदराज गांव में रात बिताने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

लामण गाए, ग्रामीणों के साथ नाटी में शामिल हुए मुख्यमंत्री

भटवाड़ी में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक लोकगीत ‘लामण’ गाए और नाटी प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री भी ग्रामीणों के साथ नाटी में शामिल हुए और स्थानीय गीत गाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।

फाफरा-कोदे की रोटी से लेकर लाल चावल और राजमा तक परोसे

मुख्यमंत्री के रात्रि भोज के लिए ग्रामीणों ने क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजन तैयार किए। उन्हें फाफरा और कोदे की रोटी के साथ लाल चावल और राजमा सहित स्थानीय व्यंजन परोसे गए। मुख्यमंत्री के गांव में रात्रि प्रवास को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।

महिला मंडलों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के महिला मंडलों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही पेखा-दिऊदी महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए अलग से पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया गया।

चिंगवाड़ी सड़क को 20 लाख, बरशील पुल होगा मोटरेबल

क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं। उन्होंने चिंगवाड़ी सड़क के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की और बरशील पुल को मोटरेबल बनाने का आश्वासन दिया। इन घोषणाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क और आवागमन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

धमवाड़ी स्कूल को सीबीएसई बनाने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए धमवाड़ी स्कूल को सीबीएसई बनाने की बात कही। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम आगे बढ़ेगा।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राटा, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Topics: • •