जांगलिक सड़क दस दिन में होगी बहाल, पुल और प्रभावित क्षेत्र के लिए छह करोड़ की घोषणा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भूस्खलन के कारण बंद जांगलिक सड़क को दस दिन के भीतर यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माणाधीन जांगलिक पुल के लिए चार करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि और थैंटवाड़ी गांव के प्रभावित क्षेत्र के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
रोहड़ू
मुख्यमंत्री ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र का दौरा किया और भूस्खलन से अवरुद्ध जांगलिक सड़क का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सड़क को दस दिन के भीतर यातायात के लिए खोला जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क बंद होने के कारण स्थानीय लोगों और बागवानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए सरकार इसकी शीघ्र बहाली सुनिश्चित करेगी।
पुल और प्रभावित क्षेत्र के लिए धनराशि
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन जांगलिक पुल का कार्य पूरा करने के लिए चार करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके साथ ही थैंटवाड़ी गांव में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र के लिए दो करोड़ रुपये देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को राहत और पुनर्बहाली के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को सामान्य बनाया जा सके और लोगों को आवश्यक राहत एवं सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्बहाली कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, अन्य गणमान्य व्यक्ति और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।