‘काम मांगो अभियान’ से युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने प्रदेश के 13 जिलों तक अभियान पहुंचाने का लिया निर्णय, चमोली के जोशीमठ से होगी शुरुआत
हिमाचल नाऊ न्यूज देहरादून
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने उत्तराखंड में बढ़ती बेरोजगारी, युवाओं के पलायन और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के सीमित अवसरों के मुद्दे को लेकर प्रदेशव्यापी ‘काम मांगो अभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। संगठन अगले दो माह के भीतर प्रदेश के सभी 13 जिलों में कम से कम एक ब्लॉक में अभियान की शुरुआत करेगा। प्रथम चरण में चमोली, हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपदों को शामिल किया गया है। अभियान की शुरुआत चमोली के जोशीमठ ब्लॉक से होगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय देहरादून में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की बैठक राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश में बेरोजगारी और ग्रामीण क्षेत्रों से युवाओं के पलायन समेत रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने कहा कि उत्तराखंड का युवा रोजगार की तलाश में भटकने को मजबूर है। सरकार रोजगार और स्वरोजगार को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को उनकी योग्यता और जरूरत के अनुरूप पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ सरकार से रोजगार की भीख मांगने का अभियान नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकार और सम्मानजनक रोजगार की मांग का अभियान है।राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर ने कहा कि गांवों को मजबूत किए बिना उत्तराखंड का समग्र विकास संभव नहीं है। मनरेगा, कृषि, बागवानी, पशुपालन, लघु एवं कुटीर उद्योग, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के बड़े अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
उन्होंने सरकार से रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता और प्रभावी स्वरोजगार नीति लागू करने की मांग उठाई।संगठन के अनुसार अभियान को जनपद, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक ले जाकर युवाओं, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा। उनकी रोजगार संबंधी समस्याओं को चिन्हित कर सरकार के समक्ष स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग मजबूती से उठाई जाएगी।