कार और स्कूटी के बीच हुई भिड़ंत, एक युवक की मौत, दूसरा पीजीआई रैफर

Hit-the-person-brought-him.jpg

HNN/ ऊना

जिला ऊना में पुलिस थाना बंगाणा के तहत बडूही चौक पर कार और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की जान चली गई है। इसके अलावा दूसरा युवक बुरी तरह जख्मी हुआ है।

घायल युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। मृतक की पहचान रोहित कुमार (35) पुत्र वतन सिंह निवासी डीहर, बंगाणा के रूप में हुई है। वहीं मुनीष कुमार निवासी अंबेहड़ा घायल है। पुलिस ने कार चालक ऐशले पुरी निवासी अप्पर सलोह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, रोहित और मुनीष स्कूटी पर सवार होकर चौकी मन्यार से अंब की ओर जा रहे थे। इस दौरान बडूही चौक पर स्कूटी की एक कार के साथ जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दोनों बुरी तरह जख्मी हुए।

घटना के बाद दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया जा रहा था लेकिन रोहित ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मुनीष कुमार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि की है।