कार के साथ बाइक व स्कूटी की जोरदार भिड़ंत, एक की मौत, 3 घायल
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर के तलाई के तहत धरोटी में एक कार के साथ बाइक और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 3 घायल हुए हैं। मृतक की पहचान जगन्नाथ निवासी गांव कद्दयाना तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
घायलों की पहचान विकास कुमार, कालिदास और चुन्नीलाल निवासी बरठीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कार चालक कहीं जा रहा था इस दौरान जैसे ही वह बरठीं-सुन्हाणी संपर्क मार्ग पर पहुंचा तो सामने से आ रही एक बाइक और स्कूटी के साथ उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चालक को कोई चोट नहीं आई है। बता दे हादसे में बाइक सवार और स्कूटी सवार ही घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा सभी घायलों को बरठीं अस्पताल ले जाया गया।
जहां दो व्यक्तियों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर अस्पताल रेफर किया गया, यहां बाइक सवार जगन्नाथ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।