हादसा / पीणी पंचायत में अढ़ाई मंजिला मकान राख, चार कमरे और पूरा सामान जला
हादसा / कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी स्थित पीणी पंचायत में बुधवार दोपहर बाद लगी भीषण आग से लाल चंद और डोले का संयुक्त अढ़ाई मंजिला मकान पूरी तरह जल गया। अग्निकांड में मकान के चार कमरों के साथ भीतर रखा सामान भी राख हो गया, जिससे प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
कुल्लू/मणिकर्ण
जानकारी के अनुसार पीणी पंचायत के एक गांव में अचानक मकान से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची लपटें और धुआं देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। घटना की सूचना फायर चौकी जरी को भी दी गई, जिसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बावजूद आग की तीव्रता के कारण मकान को बचाया नहीं जा सका।
कुपवी में सिलेंडर फटने से मकान नष्ट
शिमला जिले के कुपवी उपमंडल की ग्राम पंचायत चडोली के शांगली गांव में मंगलवार रात एक अन्य अग्निकांड में जगत सिंह नान्टा का रिहायशी मकान जल गया। रसोई गैस सिलेंडर फटने के बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। परिवार के सदस्यों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग के पहुंचने तक मकान पूरी तरह राख हो चुका था। संकरी सड़क होने के कारण दमकल वाहन भी मकान तक नहीं पहुंच सका।
