Loading...

Accident / सिरमौर में 190 सड़क दुर्घटनाओं में 110 मौतें, हेलमेट नियम पर सख्ती के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

Accident / सिरमौर जिले में वर्ष 2026 के दौरान अब तक दर्ज 190 सड़क दुर्घटनाओं में 110 लोगों की मौत हुई है, जबकि 309 लोग घायल हुए हैं। इन आंकड़ों को देखते हुए उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हेलमेट नियम लागू कराने, नाबालिगों को वाहन देने पर कार्रवाई करने, जर्जर सड़कों की मरम्मत और खुले में पशु छोड़ने वाले मालिकों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं।

सिरमौर/नाहन

नाहन में 26 नवंबर को उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सभी उपमंडलाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों की प्रभावी अनुपालना, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार और सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। संबंधित विभागों, वाहन चालकों, अभिभावकों और नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।

दोनों सवारियों के लिए हेलमेट अनिवार्य

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि दोपहिया वाहन के चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। पुलिस विभाग, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और सभी एसडीएम को कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने से पहले विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है। नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई हो सकती है। नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की गई।

खराब सड़कों की मरम्मत के लिए तैयार होंगे प्रस्ताव

लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर निकायों को अपने अधिकार क्षेत्र की अत्यंत खराब एवं जर्जर सड़कों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। इन सड़कों की मरम्मत के लिए प्राथमिकता के आधार पर विस्तृत अनुमान तैयार कर बजट और धनराशि की उपलब्धता के लिए प्रस्ताव भेजे जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है, इसलिए सड़क रखरखाव और मरम्मत को सड़क सुरक्षा योजना का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। विभागों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार के लिए भी समन्वय से कदम उठाने को कहा गया है।

सड़कों पर पशु छोड़ने वालों की तय होगी जवाबदेही

सड़कों पर घूमने वाली गायों और अन्य पशुओं की समस्या पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को उनके मालिकों की पहचान करने और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। खुले में पशु छोड़ने वाले मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के अनुसार सड़कों पर घूमते पशु यातायात में बाधा बनने के साथ गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। संबंधित विभागों को समस्या के स्थायी समाधान के लिए आपसी समन्वय से प्रभावी कदम उठाने और इस दिशा में की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।

अनधिकृत व्यावसायिक वाहनों पर होगी कार्रवाई

बैठक में बिना परमिट और वैधानिक अनुमति के निजी वाहनों का व्यावसायिक संचालन करने का विषय भी उठाया गया। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे वाहनों में यात्रियों को ढोना अवैध होने के साथ उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अनधिकृत व्यावसायिक वाहन में दुर्घटना होने पर बीमा दावे और मुआवजे से जुड़ी कानूनी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं तथा दावा अस्वीकृत भी हो सकता है। यात्रियों से निर्धारित यात्री वाहनों में ही सफर करने और मालवाहक वाहनों में यात्रा नहीं करने का आग्रह किया गया है।

वाहन मालिकों को फिटनेस, ब्रेक, लाइट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करवाने की सलाह दी गई। सभी विभागों को बैठक में लिए गए निर्णयों और निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश मिले हैं। प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक जिम्मेदारी से ही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम किया जा सकता है।

Related Topics: •