कार ने ट्रक क्लीनर को मारी टक्कर, मौत
HNN/ऊना
जिला ऊना के त्यूड़ी में सड़क हादसे में एक ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई। मृतक की पहचान जगजीत सिंह पुत्र महिन्द्र सिंह निवासी रामपुरा तहसील फूल जिला बठिंडा पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक बग्गा सिंह निवासी रामपुरा तहसील फूल जिला बठिंडा पंजाब की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक चालक बग्गा सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने ट्रक को बीती शाम त्यूड़ी में सीमैंट उतारने के लिए खड़ा किया था। गाड़ी खाली करने के बाद वह सड़क पार करके दूसरी तरफ लगे नल पर हाथ-मुंह धोने चला गया। इस दौरान जब जगजीत सिंह हाथ-मुंह धोने के लिए सड़क पार करके उसके पास आ रहा था तो ऊना की तरफ से एक आई एक सफेद रंग की कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं टक्कर मारने के बाद कार चालक अम्ब की तरफ गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद जगजीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी राकेश सिंह ने हादसे की पुष्टि की है।