कार पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, 6 वर्षीय बच्चे की गई जान
HNN/ मंडी
हिमाचल में भारी बारिश के चलते भूस्खलन का सिलसिला भी जारी है। भूस्खलन होने से जगह जगह कई हादसे पेश आ रहे है। मामला चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर 6 मील के समीप का है, यहां कार पर पत्थर गिरने से 6 वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई है, जबकि बच्चे की माता- पिता व छोटा बच्चा बुरी तरह से घायल हुए है। घायलों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी लाया गया है। वहीं पुलिस ने मासूम बच्चे के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, एक परिवार गाड़ी में सवार होकर कुल्लू से मंडी की ओर जा रहा था। इस दौरान 6 मील के समीप पहुँचते ही अचानक कार पर बड़ा पत्थर गिर गया। हादसे में 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई है। कार में दो बच्चों सहित 4 लोग सवार थे। अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने घटना की पुष्टि की है।