कार रोककर व्यक्ति पर तेजधार हथियार से किया हमला, मामला दर्ज
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के भवारना में मुख्य राज्य मार्ग पर टैलीफोन एक्सचेंज के पास एक कार सवार व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल की पहचान विनोद राणा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास राणा अपने रिश्तेदार विनोद राणा व 3 अन्य लोगों के साथ भवारना से बोदा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक इनोवा कार से 6 लोग तेजधार हथियारों के साथ नीचे उतरे और अचानक उन्होंने कार के शीशे तोड़ दिए। जिसके बाद कार में बैठे लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
वहीं हमले में विनोद राणा घायल हो गया। जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया।
जिसके बाद उन्होंने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज किया और जाँच शुरू कर दी। एसएचओ भवारना केहर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।