कार व बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत, बाइक चालक की मौत
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, यहां एक कार व बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई है जबकि बाइक पर सवार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल युवक को क्षेत्रीय अस्पताल कांगड़ा से पठानकोट रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, भरमाड़ के रहने वाले दो युवक बाइक पर सवार होकर कही जा रहे थे। इस दौरान जैसे ही वह फतेहपुर के रैहन भराल के पास पहुंचे तो उनकी एक कार के साथ जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बाइक सवार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं हादसे में कार सवार लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बताया कि वह हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।