कार व बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत, एक महिला की मौत, 2 जख्मी
HNN/ ऊना
जिला ऊना में पुलिस थाना गगरेट के तहत मवा कहोलां में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां कार व बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला की जान चली गई। इसके अलावा 2 घायल हुए हैं। हादसे में घायल हुए बाइक चालक विक्रम व कार चालक रजत निवासी दौलतपुर को स्थानीय सामुदायिक केंद्र में ले जाया गया।
जहां से प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें ऊना रैफर कर दिया गया। ऊना अस्पताल में विक्रम की हालत नाजुक देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। वहीं मृतक की पहचान वंदना पत्नी विक्रम निवासी ढोहवाल, जिला होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, विक्रम अपनी पत्नी वंदना के साथ बाइक पर सवार होकर दौलतपुर से गगरेट की तरफ जा रहा था। इस दौरान मवा कोहलां में सडक़ पर अचानक ही बेसहारा गाय आ गई। इसी बीच सामने से आ रही एक कार गाय से टकराने के बाद बाइक से जा टकराई।
हादसे में वंदना की मौत हो गई। वहीं महिला के पति समेत दो जख्मी हुए हैं। दोनों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू की। मामले की पुष्टि एसपी राकेश सिंह ने की है।