Loading...

कालाअम्ब में बिजली बोर्ड की बड़ी कार्रवाई, 1.49 करोड़ की वसूली

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 25 Mar 2026 Edited 25 Mar Quick read

16 औद्योगिक और 52 घरेलू डिफाल्टरों के कनेक्शन काटे, बकायेदारों में मचा हड़कंप

कालाअम्ब

औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने बिजली बिलों का भुगतान न करने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। बोर्ड की इस कार्रवाई से बकायेदारों में हड़कंप मच गया है। विशेष अभियान के दौरान विभाग ने औद्योगिक और घरेलू दोनों श्रेणियों में कुल 1 करोड़ 49 लाख 56 हजार 500 रुपये की बकाया राशि वसूलने में सफलता हासिल की है।

विद्युत बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सबसे बड़ी कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले 16 बड़े औद्योगिक डिफाल्टरों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इस कार्रवाई के बाद विभाग ने इन उपभोक्ताओं से 1 करोड़ 35 लाख 40 हजार 900 रुपये की बकाया राशि वसूल की।

इसके अलावा बोर्ड ने घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं पर भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान 52 घरेलू डिफाल्टरों के बिजली कनेक्शन काटे गए, जिनसे विभाग ने 14 लाख 15 हजार 600 रुपये की राशि रिकवर की।

इस तरह कुल मिलाकर बोर्ड ने एक ही अभियान में 1 करोड़ 49 लाख 56 हजार 500 रुपये की बड़ी रिकवरी कर विभागीय राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है।

बोर्ड अधिकारियों ने साफ किया है कि बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जो उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी स्थिति से बचा जा सके।

कालाअम्ब जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई को विभाग की सख्त वित्तीय अनुशासन नीति के रूप में देखा जा रहा है। बोर्ड की इस पहल के बाद अन्य डिफाल्टर उपभोक्ताओं में भी बकाया राशि जमा कराने की हलचल तेज होने की संभावना है।