काशीराम जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, सामाजिक न्याय के संघर्ष को किया याद
देहरादून :
महान समाज सुधारक एवं बहुजन आंदोलन के प्रणेता Kanshi Ram की जयंती पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने काशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित और दलित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान के लिए काशीराम का संघर्ष आज भी देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।मदन लाल ने कहा कि काशीराम एक महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों को संगठित कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि सामाजिक समानता और न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करते रहना चाहिए।उन्होंने सभी लोगों से काशीराम के बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता, भाईचारे तथा न्याय की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव धर्मपाल घाघट, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय गौतम, नोहर सिंह, प्रदेश सचिव अशोक कुमार, प्रदेश महामंत्री प्रवेश सिंघानिया, राजेंद्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट, पंकज राणा, श्रीमती गीता, श्रीमती सविता, समीर डिंगिया, सुरेश कुमार, अमित कुमार, सचिन कुमार, सुदेश सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।