‘किन्नौर की आवाज’ / किन्नौर में सेना ने शुरू किया ‘किन्नौर की आवाज’ नाम से पहला सामुदायिक रेडियो स्टेशन
किन्नौर
एफएम 88.4 पर प्रसारित होगा रेडियो, आपदा के समय संचार का बनेगा अहम माध्यम
जिला किन्नौर के पुहू स्थित सैन्य छावनी में भारतीय सेना द्वारा ‘किन्नौर की आवाज‘ नामक क्षेत्र के पहले सामुदायिक रेडियो स्टेशन का शुभारंभ किया गया। एफएम 88.4 MHz पर प्रसारित होने वाला यह स्टेशन न केवल स्थानीय जनता के लिए सूचना और जागरूकता का सशक्त माध्यम बनेगा, बल्कि आपदा के समय संचार की मजबूत कड़ी भी साबित होगा।

सेना और नागरिकों के बीच संवाद का नया जरिया
रेडियो स्टेशन का उद्घाटन लेफ्टिनेंट जनरल अनंदम सेन गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि यह रेडियो स्टेशन सेना, प्रशासन और आम लोगों के बीच समन्वय स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम होगा। उन्होंने बताया कि इससे महत्वपूर्ण सूचनाएं, आपातकालीन संदेश और जनहित की जानकारी आसानी से दूरदराज़ क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सकेगी।
संस्कृति, शिक्षा और स्वास्थ्य पर आधारित कार्यक्रम
यह रेडियो स्टेशन किन्नौर की संस्कृति, परंपराओं और लोक जीवन को देशभर में पहुंचाने का भी माध्यम बनेगा। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विषयों पर भी नियमित कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे।
इंटरनेट की कमी में रेडियो बनेगा भरोसेमंद साथी
किन्नौर जैसे सीमांत और दुर्गम क्षेत्र में इंटरनेट की सीमित पहुंच के कारण यह रेडियो स्टेशन रोजमर्रा की जरूरी जानकारी का भरोसेमंद स्रोत होगा। लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि “आपदा हो या सामान्य दिनचर्या, यह रेडियो स्टेशन हर स्थिति में लोगों को जरूरी सूचना उपलब्ध कराएगा।”