चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करना है तो पहले इस्तीफा दें सुक्खू : डॉ. राजीव बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का मुख्यमंत्री पर तीखा हमला, महिला मोर्चा ने राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद के पुतले फूंके; संगठन मंत्री सिद्धार्थन का नाहन पहुंचने पर भव्य स्वागत
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यदि उन्हें चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन ही करना है तो पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह वही चुनाव आयोग है, जिसके बाद कांग्रेस सत्ता में आई और सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने।

बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री को धरने-प्रदर्शनों के बजाय जनहित के कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। सरकार के चार वर्ष बीत चुके हैं और अब कार्यकाल में एक वर्ष से भी कम समय बचा है। ऐसे में अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए गंभीरता दिखानी चाहिए।
नाहन विधानसभा क्षेत्र की भाजपा कार्यशाला को संबोधित करते हुए बिंदल ने प्रदेश सरकार पर कर्ज, भ्रष्टाचार, माफिया राज और आर्थिक बदहाली को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने जनता पर टैक्स और महंगाई का बोझ बढ़ाया,

जबकि राजनीतिक नियुक्तियों और अपने चहेतों पर सरकारी खजाना खर्च किया। उन्होंने कहा कि बिजली, सीमेंट, परिवहन और सरकारी सेवाओं की बढ़ती लागत से आम आदमी परेशान है, वहीं चुनावी गारंटियां पूरी न होने से जनता में नाराजगी है।
बिंदल ने महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये देने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की गारंटी का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वादे पूरे करने में विफल रही है और जनता अब हिसाब मांग रही है।

इसी दौरान महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के पुतले फूंके। बिंदल ने सांसद के विरुद्ध यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायतों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया नहीं अपनाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन भी पहुंचे। जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

प्रदर्शन के दौरान हिमाचल प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मनीष चौहान, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व प्रधान संदीपक, मंडल अध्यक्ष मलकीत सिंह, संजय पुंडीर और सुनील शर्मा,

जिला परिषद सदस्य भगवान दास एवं प्रमिला, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अलका गर्ग, अंकित शर्मा, नीति अग्रवाल, पुष्पा, रचना गुप्ता, निर्मला शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अरुण, युवा मोर्चा महामंत्री यशपाल और जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।