किन्नौर के घरसू नाले में फटा बादल, रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में आज मौसम ने करवट ली। इस दौरान रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। धौलाधार की चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ है। उधर, कांगड़ा, चंबा, कुल्लू और मंडी के अधिकतर इलाकों में झमाझम बारिश हुई।
इसके अलावा किन्नौर के छोटा कंबा के पास घरसू नाले में दोपहर को अचानक बादल फट गया। जिससे नाले का बहाव बढ़ गया। हालांकि, एक जगह से नाले ने अपना रुख बदला और पहाड़ी से झरने की तरह सतलुज नदी में गिरने लगा। बादल फटने से किसी तरह के कोई जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
बता दें मई के दूसरे सप्ताह में भी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का सिलसिला रुक नहीं रहा है। मनाली व लाहौल घूमने गए पर्यटकों ने ठंडे मौसम का खूब लुत्फ उठाया। जिला मुख्यालय कुल्लू में झमाझम बारिश और बंजार में ओले बरसे हैं। ओले गिरने से बागवानों और किसानों की चिंता बढ़ गई है।