कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में गरीब परिवारों को मिली आवास योजना की सौगात
HNN/ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के 1027 गरीब परिवारों को अपने घर बनाने के लिए 15.40 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। विधायक विवेक शर्मा ने पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र सौंपे। प्रत्येक परिवार को पक्का मकान बनाने के लिए 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को विकास का आदर्श बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अंदरौली को पर्यटकों के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए गए हैं। वहां पर्यटन विकास के लिए 12.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
अंदरौली में 25 से 31 दिसंबर तक पहली बार एक भव्य कार्निवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें जलक्रीड़ा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय स्ट्रीट फूड स्टॉल, और कैंडल कैंपिंग जैसी मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह कार्निवल स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को नया आयाम देगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।