कुटलैहड़ विस के भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो का जिला भाजपा मुख्यालय पर हुआ भव्य स्वागत
HNN/ऊना/ वीरेंद्र बन्याल
कुटलैहड़ विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो भाजपा में शामिल होने एवं कुटलैहड़ भाजपा प्रत्याशी घोषित किया जाने पर भाजपा द्वारा जिला मुख्यालय ऊना में भव्य स्वागत कार्यक्रम रखा गया। जिला ऊना सदर के विधायक एवं पूर्व भाजपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में जिला भाजपा कार्यालय में कुटलैहड़ भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
जय श्री राम के नारों से जिला भाजपा कार्यलय गूंज उठा। वही कुटलैहड़ के भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो को पार्टी कार्यकर्ताओं ने सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में संगठन के अधिकतर पदाधिकारी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अभिनन्दन समारोह को कुटलैहड़ के भाजपा प्रत्याशी ने संबोधित किया।
सभी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए समर्थन भी मांगा। कुटलैहड़ के भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो ने संबोधन में बीते एक माह की पूरी व्यथा भी सुनाई कि किस प्रकार उन्हे विधायक से अयोग्य घोषित किया गया, क्यों किया गया। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि अगर हिंदुस्तान में जय श्री राम का नारा लगाना पाप है। तो यह पाप हमने किया है।
जो कांग्रेस नेता माननीय उच्च न्यायलय में श्री राम जी को काल्पनिक होने का हलफनामा दे रहा है। जो कांग्रेस नेता श्री राम मंदिर जो श्री अयोध्या में बना है। उसके निर्माण में रोड़ा अटका रहा है। जो कांग्रेस नेता राज्य सरकार के विपरीत जाकर वाटर सैस के केस में माननीय कोर्ट में लड़ रहा है। अगर ऐसे नेता के खिलाफ हमने राज्यसभा चुनाव में मतदान किया है। तो क्या गलत किया है। भुट्टो ने कहा कि हम राज्य सरकार के छः कांग्रेस विधायक और तीन आजाद विधायक थे। जिनकी अंतरात्मा जागी।
हमने कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ मतदान किया। भुट्टो ने कहा कि हम उस समय गलत होते। अगर हम अकेले अंदर जाकर मतदान करते। लेकिन हमने तो सरकार द्वारा रखे गए पोलिंग एजेंट्स को अपना मत दिखाकर मतदान किया है। फिर हमारे पर कारवाई क्यों। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि राज्य सरकार में केवल मित्रो की सुनी जाती है। जो विधायक जनता ने चुने है। उन्हे केवल जलील करने के लिए राज्य सरकार में रखा गया है।
भुट्टो ने कहा कि चार जून को जो राज्य में मित्रो की सरकार है। इसका जाना तय है। क्योंकि अब कुटलैहड़ विस क्षेत्र की तरह राज्य का हर व्यक्ति देश के लोकप्रिय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ना चाहता है। अपना एक एक मत भाजपा के पक्ष में डालना चाहता है।
भुट्टो ने कहा कि हमने 14 माह विधायक रहते कोई बदले की भावना से काम नहीं किया। लेकिन जब हम 26 दिन अपने विधान सभा क्षेत्र से दूर रहे तो कुटलैहड़ में पांच दर्जन तबादले हुए। यहां तक कि बंगाणा के एसडीएम, थाना प्रभारी तक बदल दिए। यह किसके इशारे पर हुआ है। यह कुटलैहड़ की जनता सब कुछ जानती है।
14 माह में क्यों नहीं आए कुटलैहड़ प्रवास पर सीएम साहब!
भुट्टो ने कहा कि राज्य सरकार के 14 माह में हम सरकार के साथ रहे। कई बार राज्य के सीएम साहब को कुटलैहड़ प्रवास का निमंत्रण दिया। यहां तक कि बीते वर्ष हमने पीपलू मेले में बैनर भी बना दिए थे। लेकिन फिर भी सीएम साहब को कुटलैहड़ प्रवास करने का मौका नहीं मिला। आखिर कौन लोग हैं। हमें जलील करने के लिए कुटलैहड़ प्रवास से सीएम साहब को रोकते रहे। इसका खुलासा भी जल्द होगा।
कुटलैहड़ के अधिकारी कार्य बंद, कार्यालयों को खोलने के लिए कई बार किया आग्रह
देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय कुटलैहड़ में दो दर्जन कार्यालय जनता की सुविधाओं के लिए खोले गए थे। राज्य में कांग्रेस सरकार बनने पर बंद कर दिए गए थे। हमने तीस बार उन कार्यालय को खोलने का प्रस्ताव सीएम साहब के पास दिया। लेकिन 14 माह में केवल आश्वासन मिला। बंगाणा सीवरेज के लिए एक करोड़ का एस्टीमेट दिया।
बिकास के पथ पर अग्रसर कामों के लिए पैसे मांगे। लेकिन 14 माह में कुटलैहड़ के लिए कुछ नही मिला। आज कुटलैहड़ के सभी बिकास कार्य बंद है। और ठेकेदारों के करोड़ो रुपए की देनदारी हो चुकी है।
कुटलैहड़ में वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद लेकर बढ़ेंगे आगे, कोई मन मुटाव नहीं
कुटलैहड़ के भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र के हर भाजपा के वरिष्ठ नेता से आशीर्वाद हम आगे बढ़ेंगे। किसी भी भाजपा वरिष्ठ नेता से कोई मन मुटाव नहीं है। भुट्टो ने कहा कि युवा मोर्चा से लेकर किसान मोर्चा तक हमने भाजपा में कई पदों पर 22 वर्ष सेवाए दी है। और सभी वरिष्ठ नेताओं का हमें मार्ग दर्शन मिलता रहा है।
इस उपचुनाव में सभी कुटलैहड़ विस क्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से अनुराग सिंह ठाकुर को 40 हजार की बढ़त मिलेगी। उपचुनाव में कुटलैहड़ भाजपा की जीत होगी।