Loading...

बंगाणा कॉलेज में 2027-28 से शुरू होगी एमए राजनीति विज्ञान की पढ़ाई

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 24 Nov 2026 • 1 Min Read

अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से एमए राजनीति विज्ञान की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने महाविद्यालय परिसर में इसकी घोषणा की। यह मांग युवा नेता अंकुश शर्मा ने अपने साथियों वरुण और आशीष के साथ विधायक के समक्ष रखी थी। नई सुविधा से बंगाणा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

ऊना/बंगाणा/वीरेंद्र बन्याल

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कई विद्यार्थी स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। बंगाणा में यह पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों या अन्य जिलों में जाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों को अतिरिक्त समय तथा आर्थिक खर्च वहन करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए अंकुश शर्मा, वरुण और आशीष ने बंगाणा कॉलेज में एमए राजनीति विज्ञान का विषय शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई थी।

विधायक विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों की मांग पर महाविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र से यह पाठ्यक्रम शुरू करवाने की घोषणा की। एमए राजनीति विज्ञान की पढ़ाई शुरू होने से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जिन्हें उच्च शिक्षा के लिए घर से दूर जाना पड़ता है। मांग पूरी होने पर अंकुश शर्मा, वरुण और आशीष सहित कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों ने विधायक का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों का कहना है कि स्नातकोत्तर स्तर पर नया विषय शुरू होने से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे।