Loading...

कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, पांच आतंकी ढेर, एक जवान घायल

Ankita • 7 Jul 2024 • 1 Min Read

दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में चिन्नीगाम गांव में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में पांच आतंकियो के मारे जाने की सूचना है। मुठभेड़ फ्रिसल चिन्नीगाम इलाके में हुई। यहां भी आतंकियों की मौजूदगी पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान घेरा सख्त होने पर दहशतगर्दों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से शुरू हुई मुठभेड़ में घर में छिपे 5 आतंकियों को मार गिराने में सफलता मिली। हालांकि, फायरिंग जारी रहने की वजह से इन शवों को बरामद नहीं किया जा सका है।

मुठभेड़ शुरू होते ही दोनों स्थानों पर सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। उधर, जम्मू संभाग के जिला राजोरी में संदिग्ध रूप से चली गोली में एक जवान घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए सैन्य अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि जवान के पांव में गोली लगी है।