Loading...

कुल्लू में रास्ता भटकीं दो महिला ट्रैकर्स का देर रात सफल रेस्क्यू

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 16 Dec 2024, 11:14 AM | Updated: 16 Dec 2024, 11:14 AM 1 min read

Himachalnow / कुल्लू

कुल्लू जिले में ट्रैकिंग के दौरान रास्ता भटक जाने वाली दो महिला ट्रैकर्स को पुलिस ने देर रात सुरक्षित रेस्क्यू किया। राजस्थान के जयपुर की रहने वाली ये महिलाएं जलोड़ी जोत से आगे सेरोलसर झील तक घूमने गई थीं। ट्रैकिंग के दौरान वे रास्ता भटककर गलत दिशा में चली गईं। स्थिति का अंदाजा लगने पर उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम, कुल्लू को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलने पर आनी थाने से एक रेस्क्यू टीम भेजी गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने महिलाओं को बंजार क्षेत्र के शोजा नामक स्थान पर सुरक्षित पहुंचाया। इसके बाद उन्हें उनके सही मार्ग पर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, महिलाओं की पहचान सुचेता, पुत्री एस.के. पराशर, और कीर्ति शर्मा, पुत्री राज तारा चंद, निवासी वैशाली नगर, जयपुर के रूप में हुई है। दोनों रविवार सुबह डे-हाइकिंग के लिए सन्यूल क्षेत्र गई थीं। सेरोलसर झील से लौटते समय वे भटककर 360 प्वाइंट पर पहुंच गईं। इसके बाद उन्होंने मदद के लिए पुलिस को फोन किया।

डीएसपी चंद्र शेखर ने बताया कि आनी से चार सदस्यीय पुलिस टीम और कुछ स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। उन्होंने जिले में ट्रैकिंग करने वाले पर्यटकों को सलाह दी है कि वे ट्रैकिंग पर जाने से पहले लोकल गाइड साथ लें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Tags: