बद्दी में ‘स्काउटिंग फॉर ऑल’ कार्यक्रम शुरू, विद्यार्थियों को नेतृत्व और सेवा से जोड़ने पर जोर
बद्दी के सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से ‘स्काउटिंग फॉर ऑल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में स्काउटिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और जीवनोपयोगी कौशल पर विशेष जोर दिया गया।
बद्दी
कार्यक्रम में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के चेयरमैन राजेश दलाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल के फाउंडर चेयरमैन कुलबीर सिंह राणा ने अध्यक्षता की। स्कूल की प्रिंसिपल दिव्या राणा और वाइस प्रिंसिपल नैन्सी हांडा ने प्रतिभागियों तथा अतिथियों का स्वागत किया। राजेश दलाल ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा की भावना विकसित होती है।
राजेश दलाल ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और स्काउटिंग उसे पहचानने तथा निखारने का अवसर प्रदान करती है। ‘स्काउटिंग फॉर ऑल’ की भावना के अनुरूप हर विद्यार्थी को सीखने, आगे बढ़ने, नेतृत्व करने और समाज की सेवा करने के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से स्काउटिंग के आदर्शों को विद्यार्थियों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सर्वांगीण विकास को बताया प्राथमिकता
फाउंडर चेयरमैन कुलबीर सिंह राणा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अच्छे संस्कारों से युक्त, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनाना भी है। स्काउटिंग बच्चों में अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रिंसिपल दिव्या राणा ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास स्कूल की प्राथमिकताओं में शामिल है और शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता तथा सेवा भावना का विकास भी जरूरी है।
वाइस प्रिंसिपल नैन्सी हांडा ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों को टीम भावना, सहयोग, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का महत्व सिखाती है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर जीवनोपयोगी कौशल सीखने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम के दौरान नैन्सी हांडा को स्टेट ज्वाइंट कमिश्नर गाइड्स मनोनीत किया गया। इस अवसर पर सुनीता बिष्ट, सपना ठाकुर, शैलजा सेठी, भारती वर्मा, रिया पसरीचा, सोनाली रॉयल, खुशी, रितिका राजपूत, अंजुम शाहीना सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।