कुल्लू में रेस्तरां में भड़की आग, एक युवती की मौत, 4 घायल
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू के कलाकेंद्र ढालपुर के पीछे एक रेस्तरां में आग लगने से एक युवती की दम घुटने से मौत हो गई। मृतका की पहचान ममता पुत्री किरण कुमार, निवासी गांव टिपर, तहसील बालीचौकी, जिला मंडी के रूप में हुई है।
घटना में युवती के अलावा नितिका ( 21 ) निवासी शिलाह, मणिकर्ण क़ुल्लू, ललित (21) निवासी बरखोल बालीचौकी मंडी, अमन (21) निवासी सर्दवार मंडी और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में लाया गया है। आग की घटना में एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:55 बजे ढालपुर के रेस्तरां के किचन के साथ स्टोर में सोफा रिपेयर का काम चला था। इस बीच अचानक सॉल्यूशन ने आग पकड़ ली। स्टोर रूम में धुंआ भर जाने के कारण एक युवती की दम घुटने से मौत हो गई। इसी दौरान रेस्तरां के अन्य चार कर्मचारी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया गया है।
जिस समय रेस्तरां में आग लगी वहां पर ग्राहक भी थे। सभी बाहर की ओर जान बचाने के लिए दौड़े और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि आग किन कारणों से लगी इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।