केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हिमाचल के आईपीएस अधिकारी ज्ञानेश्वर सिंह को गोल्ड मेडल से नवाजा
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के आईपीएस अधिकारी ज्ञानेश्वर सिंह को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गोल्ड मेडल से नवाजा है। बता दें आईपीएस अधिकारी को यह सम्मान एक अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्कर गिरोह का ऐतिहासिक भंडाफोड़ करने के लिए मिला है।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब के लुधियाना में किये गये इस स्पेशल ऑपरेशन में आईपीएस ज्ञानेश्वर सिंह की अगुवाई में गठित टीम ने करीब 1500 किलो हेरोइन की खेप भारत में पहुंचने की सूचना पर इस आपरेशन को अंजाम दिया था। इसमें 40 किलो मौके पर से बरामद कर ली गई थी, जबकि उसके बाद लगातार आगे बढ़ती जांच में अब तक 400 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
वर्तमान में राष्ट्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो में उप महानिदेशक आपरेशन्स के पद पर तैनात ज्ञानेश्वर सिंह के नेतृत्व में यह ब्यूरो के रिकार्ड में ऐतिहासिक उपलब्धि रही। ज्ञानेश्वर सिंह ने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय का आभार भी जताया है। उन्होंने बताया कि यह इस अंतरराष्ट्रीय मामले में देश के कई राज्यों की पुलिस और एनआईए भी अपने स्तर पर जांच को आगे बढ़ा रहे हैं।