केंद्रीय विवि धर्मशाला में दो प्रोफेसर के बीच हुई मारपीट, एक घायल, मामला दर्ज
HNN/धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में दो प्रोफेसर द्वारा एक दूसरे के साथ मारपीट किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। मारपीट के दौरान एक प्रोफेसर घायल हुआ है। पुलिस ने पीड़ित प्रोफेसर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में किसी छात्र की शिकायत पर जांच के लिए कमेटी ने एक प्रोफेसर को बुलाया था। जब प्रोफेसर वहां पहुंचा तो दूसरे प्रोफेसर ने उससे फोन छीनने की कोशिश की और उसका गला पकड़ लिया।
इतना ही नहीं प्रोफेसर पर तेजधार हथियार से हमला भी किया गया। हमले में प्रोफेसर की बाजू पर चोट आई है। जिसके बाद प्रोफेसर ने पुलिस थाना धर्मशाला में आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रोफेसर के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया। पुलिस द्वारा घायल प्रोफेसर का मेडिकल करवाया जा रहा है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।