कैसे होती है बच्चों के पेट में कीड़ों की समस्या, इससे कैसे बचें…
HNN / काँगड़ा
पेट में कीड़ा होना कृमि रोग कहलाता है। पेट के कीड़े कईं समस्याओं को जन्म देते हैं। यह समस्या सबसे अधिक बच्चों में होती है, जिस कारण उनमें पेट दर्द, भूख न लगना और वजन घटने जैसे लक्षण नजर या महसूस होते हैं। उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य पर सोमवार को पूरे जिले में लगभग 3 लाख 80 हजार बच्चों को अल्बेंडाज़ोल की दवा दी गई।
वहीं करीब 1 लाख 22 हजार बच्चों को विटामिन ए की दवा भी दी गई। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया, प्रशासन का प्रयास है कि शिक्षा और जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए प्रत्येक बच्चे को इस अभियान के तहत कवर किया जाए।
कैसे होती है पेट में कीड़ों की समस्या
उपायुक्त ने बताया कि बच्चों के पेट में कीड़े उत्पन्न होने के बहुत से कारण हो सकते हैं। दूषित जल स्रोतों से पानी ग्रहण करना, मिट्टी में खेलना और बिना हाथ धोए भोजन करना, सब्जियों को बिना धोए या छीले अथवा असावधानी से पकाना, जैसे कारणों से पेट के कीड़ों की समस्या हो सकती है। इस संक्रमण से एनीमिया, कुपोषण तथा बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इसलिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए प्रयास किए जाते हैं।
इससे कैसे बचें
डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि पेट के कीड़ों से बचने के लिए हमें बच्चों के जीवन में कुछ व्यवहारिक बदलाव करने आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि इसके संक्रमण को रोकने के लिए स्वच्छ शौचालयों का उपयोग करना, बाहर शौच नहीं करना, हाथों की स्वच्छता, विशेष रूप से खाने से पहले और शौचालय का उपयोग करने के बाद अच्छे से हाथ धोना, नंगे पांव न घूमना, फलों और सब्जियों को सुरक्षित और साफ पानी में धोना, ठीक से पका हुआ भोजन करना जैसे व्यवहारों को बच्चों की जीवनचर्या का अंग बनाना चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि विटामिन ए की दवा 5 साल तक के बच्चों को आंखों की बीमारियों से बचाव के लिए दी जाती है। वहीं, अल्बेंडाजोल की खुराक 1 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को दी जाती है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे दवाई की खुराक नहीं ले पाए, वह मॉपिंग अप वाले दिन इसे ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि छूटे हुए बच्चों को अल्बेंडाजोल की खुराक भी उस दिन दी जाएगी।