कोरोनाकाल में रखे गए सभी आउटसोर्स कर्मियों को भेजे बर्खास्तगी के आदेश
HNN/शिमला
हिमचाल प्रदेश सरकार ने कोरोनाकाल में रखे गए करीब 1844 आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी से निकाल दिया है। सरकार ने सभी आउटसोर्स कर्मियों को ईमेल के अलावा घर पर भी बर्खास्तगी के ऑर्डर भेजे हैं। सरकार के इस फैसले से प्रदेश में सभी आउटसोर्स कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। इन कर्मचारियों को अब अपने परिवार के पालन-पोषण की चिंता सताने लगी है।
वहीँ, हिमाचल के आउटसोर्स कर्मियों ने अब प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपने घर परिवार की परेशानियों को भूलकर अस्पतालों में कोविड मरीजों का ख़याल रखा।
जिसके बदले में सरकार ने उनके साथ ऐसा निंदनीय व्यवहार किया है। उन्होंने बताया कि सभी आउटसोर्स कर्मचारी मंगलवार को सचिवालय में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात करेंगे और इस मामले को गंभीरता से उठाएंगे।
वहीं हिमाचल कोरोना आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष अंजली भारद्वाज का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने का निर्णय बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों के बर्खास्तगी के आर्डर वापिस लिए जाएं।