कोलर में अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद, मामला दर्ज
अवैध शराब के धंधे पर आबकारी विभाग लगाम लगा पाने में नाकाम
HNN/ नाहन
माजरा थाना पुलिस ने जहां कोलर में अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद करने में कामयाबी हासिल की है तो वहीं जिला सिरमौर आबकारी विभाग इस काले धंधे पर लगाम लगा पाने में नाकाम साबित हो गया है। माजरा थाना पुलिस के द्वारा भारी मात्रा में अंग्रेजी, देसी शराब सहित बियर की बोतलों का जखीरा बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम को करीब 5:00 बजे के आसपास पुलिस टीम धौला कुआं चौक के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबीर ने पुलिस को सूचना दी कि कोलर गांव में लाल सिंह पुत्र स्वर्गीय अर्जानंद के घर से अवैध शराब का धंधा जोर-शोर से चल रहा है।

सूचना पाते ही मय अधिकारी पूरी पुलिस पार्टी ने मौके पर ही योजना बनाकर लाल सिंह के घर पर दबिश दे दी।पुलिस को मौके पर पता चला कि लाल सिंह के द्वारा जिस जगह की सूचना मिली थी वह कमरा मकान सहित उत्तराखंड चमोली निवासी वीरेंद्र लाल पुत्र दिनेश लाल को किराए पर दिया हुआ था।
पुलिस को मुखबिर के द्वारा भी यही सूचना दी गई थी की वीरेंद्र लाल बाहरी राज्यों से अवैध शराब लाकर बेचता है।पुलिस के द्वारा मौके पर जब कमरों की तलाशी ली गई तो एक कमरा बंद पाया गया। पुलिस के द्वारा वीरेंद्र लाल को कमरा खोलने के लिए कहा गया।
कमरा खोले जाने पर पुलिस ने पाया कि घर में वाशिंग मशीन और पुराने टायरों के साथ 59 पेटियां अंग्रेजी शराब देसी शराब सहित बियर की बोतलों व बियर कैन की पाई गई। पुलिस के द्वारा जब इस जखीरा को चेक किया गया तो इसमें 26 पेटी रॉयल स्टैग अंग्रेजी दारू, दो पेटी ब्लेंडर प्राइड जिसमें प्रत्येक पेटी में 12-12 कांच की बोतले जबकि एक पेटी में 11 बोतल थी।
इसके अलावा दो पेटी रॉयल जनरल सहित कुल सभी 359 अंग्रेजी शराब, चार पेटी संतरा नंबर वन देसी शराब भी बरामद की गई। संतरा शराब को छोड़कर बाकी सभी बरामद की गई शराब की बोतलों पर फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ लिखा हुआ था।
शराब के अलावा 20 पेटी टूवर्ग बियर स्ट्रांग तथा पांच पेटी टूवर्ग प्रीमियम बियर स्ट्रांग कैन भी पाए गए। पुलिस के द्वारा मामला अंतर्गत धारा 39(1 )ए एक्साइज एक्ट के तहत दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर के द्वारा की गई है।
बरहाल बड़ी बात तो यह है कि जहां प्रदेश सरकार ने एक्साइज पुलिस के गठन की बात की थी बावजूद इसके ना तो इस पूरे क्षेत्र में शराब का काला धंधा रख पाया है और ना ही एक्साइज पुलिस का गठन हो पाया है।
जबकि यह क्षेत्र और जिस घर से शराब पिरामिड की गई है वह पहले भी अवैध शराब के कारोबारों को लेकर काफी चर्चा में रह चुका है। बावजूद इसके राज्य कर एवं आबकारी विभाग जिला सिरमौर ना तो शराब के क्षेत्र के ठेकेदार को कोई राहत पहुंचा पाई है और ना ही अवैध कारोबारी पर नकेल लगा पाई है।